Pakistan: पाकिस्तान अब नई कूटनीतिक रणनीति अपनाने पर उतर आया है। पर पाकिस्तान के खास दोस्त चीन और अमेरिका ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पाकिस्तान नई कूटनीति के तहत आम की अलग-अलग किस्मे दुनियाभर के देशों को तोहफे में भेज रहा है। हालांकि पाकिस्तान के परममित्र देश चीन और अमेरिका को उसकी ये ‘मैंगो डिप्लोमेसी’ रास नहीं आई। और पाकिस्तान (Pakistan) की तरफ से तोहफे में भेजे गए आम वापस लौटा दिए।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को अमेरिका और चीन समेत 32 से अधिक देशों के प्रमुखों को पाकिस्तान (Pakistan) विदेश मंत्रालय (एफओ) ने तोहफे में आम भेजे थे। पर अपने कोरोना वायरस क्वारंटीन नियमों का हवाला देते हुए अमेरिका और चीन जैसे देशों ने तोहफे को स्वीकार करने से मना कर दिया।
‘मैंगो डिप्लोमेसी’ 32 देशों पर आजमाई
रिपोर्ट के अनुसार 32 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार के प्रमुखों को ‘चौंसा’ आम पाकिस्तान (Pakistan) के राष्ट्रपति डॉ. आरिफ अल्वी की ओर से भेजे गए थे। ईरान, खाड़ी देशों, तुर्की, अमेरिका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और रूस को आमों की पेटी भेजी गयी थी।
मीठे आम मैक्रों को भी भेजे थे, नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
मीडिया रिपोर्ट ने सूत्रों के हवाले से बताया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का भी नाम पाकिस्तान विदेश मंत्रालय की सूची में था। पर पाकिस्तान के इरादे पर पेरिस से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
चीन और अमेरिका के अलावा पाकिस्तान की ओर से तोहफे में भेजे गए आमों को कनाडा, नेपाल, मिस्र और श्रीलंका ने भी स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके पीछे क्वारंटाइन नियम का हवाला दिया।