Agra: सोमवार की सुबह करीब 7:30 बजे थाना निबोहरा के गांव धरियाई में घर के सामने खेलते समय खराब पड़े बोरवेल में गिरे 4 वर्षीय शिवा को सेना और NDRF की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर 9 घंटे में सुरक्षित निकाल लिया। 100 फुट गहरे गड्ढे में बच्चा करीब 90 फुट की गहराई में फंसा था।
इससे पहले पाइप से गड्ढे में ऑक्सीजन की सप्लाई कर बच्चे को सुरक्षित करने का उपाय किया।
एसएसपी मुनिराज जी ने के अनुसार करीब पांच साल पहले गांव के छोटेलाल ने घर के सामने बोरिंग कराई थी। पर वह खराब हो गई थी। उन्होंने इसकी दो दिन पहले पाइप निकलवाकर नई बोरिंग में लगाई थी। लेकिन घर के सामने गड्ढा वैसे ही छोड़ दिया था। उनका चार साल का पुत्र शिवा सोमवार की सुबह घर के बाहर खेलते समय खराब पड़े बोरवेल में गिर गया। करीब 100 फुट गहरे गड्ढे में बच्चे के गिरने से हड़कंप मच गया।
सूचना पर SSP, SPRA, SDM, स्वास्थ्य विभाग की टीम और दमकल पहुंच गई। सेना और NDRF की टीम ने दोपहर में आकर बचाव कार्य शुरू किया। बोरवेल के बगल में सेना और NDRF की टीम ने जेसीबी, पोकलैंड के माध्यम से जमीन की खोदाई कराई। उसके बाद बच्चे को बैलून की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया। नौ घंटे तक बच्चा बोरवेल में रहा। बच्चे को सेना और NDRF की टीम करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकालने में सफल रही।
ऑक्सीजन सप्लाई डॉक्टरों की टीम ने पहुंच कर शुरू की
बोरवेल में मासूम बच्चे शिवा के गिरने की सूचना लगते ही मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद के अधीक्षक डॉ. एके सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंच गई। पाइप के सहारे टीम ने सबसे पहले बच्चे को ऑक्सीजन दी। डॉ. एके सिंह के अनुसार पल-पल बच्चे के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही थी। बच्चे के परिजनों की तबीयत न बिगड़े। इसके लिए परिजनों के भी स्वास्थ्य का परीक्षण किया जा रहा था।
बच्चे के निकलने तक जुटे रहे ग्रामीण
सुबह 7:30 बजे से निबोहरा के ग्राम धरियाई में बोरवेल में बच्चे के गिरने की खबर लगते ही धरियाई ही नहीं बल्कि आसपास के गांव निबोहरा, रामपुर, रामगढ़ आदि के ग्रामीण जो जिस हालत में थे दौड़ पड़े थे। प्रशासन को जिन्हें संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बच्चे को बचाने के लिए सेना की ओर से कार्रवाई देखने की उत्सुकता में भी लोग डटे रहे। हादसे के वक्त मौके पर ही धरियाई गांव की महिलाएं और बच्चे भी जमे रहे। आलम यह था की कि गांव में गांव में किसी भी घर में चूल्हा जला और दुकानें भी बंद रहीं।
अफसर, विधायक, पूर्व विधायक रहे मौजूद
SSP मुनिराज जी, ADM वित्त एवं राजस्व योगेंद्र कुमार, SDM राजेश कुमार जायसवाल, क्षेत्राधिकारी ब्रजमोहन गिरी, फतेहाबाद, डौकी, शमशाबाद , निबोहरा थाने का फोर्स, विधायक जितेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक छोटे लाल वर्मा भी बच्चे को बचाने के पूरे ऑपरेशन के दौरान मौजूद रहे।
टाइम लाइन
सुबह 07:30 बजे : बोरवेल में बच्चा गिरा।
सुबह 08:00 बजे : निबोहरा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सुबह 08:20 बजे : मौके पर पीआरवी टीमपहुंची।
सुबह 08:30 बजे : घटनास्थल पर थाना प्रभारी निबोहरापहुंचे।
सुबह 08:40 बजे : स्वास्थ्य विभाग (Health department) की टीम पहुंची।
सुबह 08:45 बजे : बच्चे के रोने की आवाज बोरवेल से सुनाई दी।
सुबह 09:30 बजे : ऑक्सीजन की सप्लाई बोरवेल में शुरू की गई।
सुबह 10:00 बजे : मौके पर एसपीआरए पूर्वी पहुंचे।
सुबह 10:30 बजे : फतेहाबाद एसडीएम राजेश कुमार पहुंचे।
सुबह 10:45 बजे : वीडियो कैमरा रस्सी में बांधकर बोरवेल में डाला गया, जिसमें बच्चा हाथ से मिट्टी हटाते दिखा।
पूर्वाह्न 11:30 बजे : मौके पर पैरा मिलिट्री की टीम पहुंची।
पूर्वाह्न 11:40 बजे : एसडीआरएफ की टीम पहुंची।
दोपहर 12:22 बजे : खुदाई का काम बचाव कार्य के तहत शुरू हुआ।
दोपहर 01:20 बजे : बच्चे को पानी बोरवेल में पाइप के माध्यम से दिया गया। परिजनों को बच्चे का मूवमेंट दिखाया गया, बात भी कराई गई।
दोपहर 01:45 बजे : NDRF की टीम गाजियाबाद सेपहुंची।
दोपहर 02:36 बजे : लखनऊ से क्षेत्रीय विधायक जितेंद्र वर्मा धरियाई गांव पहुंचे।
शाम 04:52 बजे : बैग में डालकर NDRF की टीम ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।
शाम 05:00 बजे : डॉक्टरी परीक्षण कर बच्चे को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया।