Chaitra Navratri 2022: चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व शुरू होने वाला है। इस दौरान मां जगदम्बा की विशेष पूजा की जाती है। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि नवरात्रि (Navratri) में मां दुर्गा की पूजा करने से वह अपने भक्तों पर प्रसन्न होती हैं। साथ ही उनकी सभी मनोकामनाएं भी पूरी होती हैं। नवरात्रि (Navratri) में मां दुर्गा की पूजा के अलावा कलश स्थापना या घटस्थापना करना भी बहुत शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कलश में देवताओं का वास होता है। कलश की स्थापना से पूजा का शुभ फल मिलता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है। शास्त्रों के अनुसार कलश को सुख, समृद्धि और शुभ कामनाओं का प्रतीक माना जाता है। नवरात्रि (Navratri) के अलावा कई शुभ कार्यों की शुरुआत में कलश की स्थापना की जाती है। कलश की स्थापना से घर में सुख-समृद्धि बढ़ती है। तो आइए आज जानते हैं कलश स्थापना का महत्व और इसे स्थापित करने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए…
कलश का महत्व
पौराणिक काल से कलश को पूजा के दौरान अमृत के समान माना गया है। कहा जाता है कि समुद्र मंथन के समय जो कलश निकाला गया था, उसी अमृत कलश का उपयोग पूजा में भी किया जाता है। अलग-अलग पूजा में अलग-अलग तरीकों से कलश की स्थापना की जाती है। वहीं नवरात्र में कलश की स्थापना अधिक फलदायी मानी जाती है।
कलश स्थापना विधि
कलश के अंदर पंच पल्लव, जल, दूर्वा, चंदन, पंचामृत, सुपारी, हल्दी, अक्षत, सिक्का, लौंग, इलायची, पान, सुपारी आदि रखे जाते हैं। इसके बाद कलश के ऊपर रोली से स्वास्तिक बनाया जाता है। इसके अलावा कलश के चारों ओर अशोक के पत्ते रखकर स्वस्तिक बना लें। इसके बाद एक चुनरी को नारियल पर लपेटकर कलावा से बांध दें और इस नारियल को कलश के ऊपर रखते हुए देवी दुर्गा का आह्वान करें। फिर दीप जलाकर कलश की पूजा करें।
कलश स्थापित करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
कलश को स्थापित करने से पहले एक बात का ध्यान रखें कि कलश स्टील जैसी किसी अन्य अशुद्ध धातु का न हो। कलश के लिए सोना, चांदी, तांबा, पीतल की धातु के अलावा मिट्टी का घड़ा बहुत शुभ माना जाता है। इसके अलावा आम के पत्ते कलश के ऊपर रखें।
ये हैं कलश रखने के फायदे
नवरात्रि में कलश स्थापना का विशेष विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कलश में नारियल रखने से परिवार के सदस्यों के जीवन से सभी प्रकार के रोग दूर हो जाते हैं। कहा जाता है कि कलश पर नारियल का मुख ऊपर की ओर राहु के लिए रखा जाता है।
मान्यता है कि कलश को पूजा में रखने से हर काम में सफलता मिलती है। इसके अलावा कर्ज से भी मुक्ति मिलती है।
नवरात्रि में कलश स्थापना का एक अलग ही महत्व है। मान्यता है कि इसकी स्थापना से भक्तों पर मां दुर्गा की असीम कृपा बनी रहती है और शत्रुओं पर विजय प्राप्त होती है।
यह भी पढ़ें – Chaitra Navratri 2022: इस बार की नवरात्रि है बेहद खास, व्रत रखने से मिलेंगे गजब के फायदे
यह भी पढ़ें – Chaitra Navratri 2022: अगर आप भी रखते हैं नवरात्रि व्रत तो रखें इन बातों का ध्यान, जानिए क्या हैं व्रत के नियम?