Chaitra Navratri Upay 2022: हिंदू कैलेंडर के अनुसार इस साल चैत्र नवरात्रि 2 अप्रैल से शुरू हो रही है। जो 11 अप्रैल तक मनाई जाएगी। नवरात्रि के पहले दिन को हिंदू नव वर्ष की शुरुआत भी माना जाता है। चैत्र नवरात्रि (Chaitra Navratri) में मां दुर्गा और उनके नौ रूपों की पूजा की जाती है। इन नौ दिनों में मां जगदम्बा की पूजा करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। नवरात्रि में मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए हम मां दुर्गा की पूजा करते हैं और उनके मनपसंद व्यंजन चढ़ाते हैं ताकि माता रानी प्रसन्न हों और हमारी सभी मनोकामनाएं पूरी करें। इसके साथ ही मां जगदम्बा की पूजा में भी फूलों का बहुत महत्व है। ऐसा माना जाता है कि मां दुर्गा को लाल गुड़हल के फूल बेहद प्रिय हैं। इसके अलावा ज्योतिष शास्त्र के अनुसार नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा के दौरान आप अपनी राशि के अनुसार फूल चढ़ाकर मां जगदम्बा की कृपा प्राप्त कर सकते हैं. आइए जानते हैं मनोकामना पूर्ति के लिए राशि के अनुसार कौन से फूल चढ़ाने चाहिए।
राशि के अनुसार चढ़ाएं फूल
मेष- मेष राशि का स्वामी मंगल है और शुभ रंग लाल है। इस राशि के जातको को लाल रंग के फूल मां दुर्गा को चढ़ाने चाहिए।
वृश्चिक- वृश्चिक राशि का स्वामी ग्रह भी मंगल है। ऐसे में इस राशि के लोगों को भी मां दुर्गा की पूजा लाल फूलों से करनी चाहिए।
वृष- वृष राशि का स्वामी ग्रह शुक्र है और शुक्र का पसंदीदा रंग सफेद है। ऐसे में इस राशि के लोग देवी दुर्गा की पूजा में सफेद रंग के फूल जैसे सफेद गुड़हल, सफेद गुलाब, हरसिंगार आदि चढ़ा सकते हैं।
कर्क– कर्क राशि का स्वामी ग्रह चंद्रमा है और चंद्रमा को भी सफेद रंग पसंद है। ऐसे में कर्क राशि के लोगों को मां दुर्गा की पूजा सफेद कमल, चमेली आदि से करनी चाहिए।
तुला- तुला राशि का स्वामी ग्रह शुक्र है। ऐसे में इस राशि के लोगों को नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा के लिए सफेद रंग के फूलों का प्रयोग करना चाहिए।
मिथुन- मिथुन राशि का स्वामी ग्रह बुध है और बुध ग्रह का पसंदीदा रंग हरा और पीला है। ऐसे में मिथुन राशि के लोगों को नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा में पीले रंग के फूल जैसे गेंदा, कनेर आदि का प्रयोग करना चाहिए।
कन्या- कन्या राशि का स्वामी ग्रह भी बुध है इसलिए इस राशि के लोगों को मां दुर्गा की पूजा पीले फूलों से करनी चाहिए।
धनु- दूसरी ओर धनु राशि का स्वामी ग्रह बृहस्पति है और इनका पसंदीदा रंग पीला है। ऐसे में धनु राशि के लोगों को मां दुर्गा की पूजा पीले फूलों से करनी चाहिए.
मीन – मीन राशि का स्वामी ग्रह भी बृहस्पति है। ऐसे में आपको मां दुर्गा की पूजा पीले फूलों से करनी चाहिए।
सिंह- सिंह राशि का स्वामी ग्रह सूर्य है और पसंदीदा रंग नारंगी और लाल हैं। मां दुर्गा की पूजा लाल और नारंगी रंग के फूलों से करें।
मकर- मकर राशि के स्वामी ग्रह शनि देव हैं और इनका पसंदीदा रंग काला और नीला है। ऐसे में इस राशि के लोगों को मां दुर्गा की पूजा नीले रंग के फूलों से करनी चाहिए।
कुम्भ- कुम्भ राशि के स्वामी ग्रह शनि देव हैं। ऐसे में आपको भी मकर राशि वालों की तरह मां दुर्गा की पूजा करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें – Chaitra Navratri 2022: दुर्गा सप्तशती के पाठ से नवरात्र में मिलेगा विशेष फल, पढ़ने से मिलते हैं ये चमत्कारी फायदे
यह भी पढ़ें – शुरू होने को है चैत्र नवरात्रि, इन 9 दिनों में न करें ये काम, नहीं तो होगा धन का नुकसान